सूरजपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम में 15 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी और परेड की सलामी लेंगी।
मुख्य समारोह का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा। ध्वजारोहण के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े परेड का निरीक्षण करेंगी और जवानों एवं प्रतिभागियों की परेड की सलामी लेंगी।
मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय महत्व और देश के विकास में नागरिकों की भूमिका को लेकर भी संदेश दिया जाएगा।
देशभक्ति और संस्कृति से सजेगा समारोह
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। अग्रसेन स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस जवान, विद्यार्थी और जिले के नागरिक शामिल होंगे।




पाठकों की टिप्पणियां 0