गिधनी पाठ (छुरा) में विकास कार्यों के लिए 20 लाख और धमतरी में सेन समाज भवन हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा
रायपुर, 12 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि फिल्में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज की सोच, संस्कृति और संवेदनाओं को दिशा देने वाली एक सशक्त विधा हैं। एक अच्छी फिल्म समाज में जागरूकता पैदा करती है और सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करती है।
मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर में संस्कृति विभाग एवं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माताओं, कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा ने समय-समय पर सामाजिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। "मदर इंडिया" जैसी फिल्मों ने भारतीय समाज में नैतिक मूल्यों, त्याग और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म "कही देबे संदेश" ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सार्थक संदेश दिया था। आज छालीवुड की फिल्में मनोरंजन के साथ-साथ व्यावसायिक सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल और ओटीटी प्लेटफॉर्म के विस्तार से फिल्मों की पहुंच समाज के हर वर्ग तक हो गई है। ऐसे समय में जिम्मेदार, सकारात्मक और मूल्याधारित सिनेमा को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम को पुनः सक्रिय किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि जनवरी 2026 में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, हजारों कलाकारों, तकनीशियनों और श्रमिकों को रोजगार मिलेगा तथा फिल्म पर्यटन को नई गति प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम और संस्कृति विभाग को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह कलाकारों और रचनाकारों का मनोबल बढ़ाते हैं तथा नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 11 देशों में सम्मानित छत्तीसगढ़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "छत्तीसगढ़ का भीम - चिंताराम" का विशेष प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र स्थित गिधनी पाठ में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये तथा धमतरी में सेन समाज भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा की।
कार्यक्रम में सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत सेन, वरिष्ठ फिल्म निर्माता मोहन सुंदरानी, फिल्म उद्योग से जुड़े निर्माता, निर्देशक, कलाकार तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



पाठकों की टिप्पणियां 0