बैकुंठपुर, 24 जून 2026। रक्षित केंद्र बैकुंठपुर में बुधवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, मुख्यालय माउंट आबू (राजस्थान) से पधारे ब्रह्मा कुमार हितेश टुटेजा एवं ब्रह्मा कुमार दत्ता रोकड़े ने प्रमुख वक्ता के रूप में पुलिस एवं नगर सेना के जवानों को संबोधित किया।
दोनों वक्ताओं ने तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और नशामुक्त समाज के निर्माण पर प्रेरक विचार रखते हुए बताया कि मनुष्य यदि आत्मबल, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाए तो जीवन में आने वाली चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है। उन्होंने मानव जीवन की विभिन्न अवस्थाओं और अनुभवों का उल्लेख करते हुए समझाया कि सही जीवन मूल्यों को अपनाकर व्यक्ति सफलता प्राप्त करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकता है।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय इकाई बैकुंठपुर की संचालिका ब्रह्मा कुमारी रेखा बहन, आशा बहन, रूपा बहन, संजू बहन, रक्षित निरीक्षक नीतीश आर. नायर, निरीक्षक शीतल सिदार सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0