उच्च शिक्षा की ओर बढ़ते कदम: डोमनहिल विद्यालय में विद्यार्थियों का सम्मान एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित
चिरमिरी। शिक्षा केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इसी उद्देश्य के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हेतु सम्मान एवं भेंट कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य श्रीमती रजनी सोलोमन के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अर्थशास्त्र विषय के व्याख्याता श्री के. प्रफुल्ल रेड्डी ने विद्यार्थियों को पेन भेंट कर उनके उच्च शिक्षा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पेन केवल एक उपहार नहीं, बल्कि ज्ञान, परिश्रम और निरंतर प्रगति का प्रतीक है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से विद्यालय में यह पेन भेंट कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर कक्षा 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के सम्मान स्वरूप पेन के साथ उनके नाम अंकित आकर्षक की-रिंग भी भेंट की गई।
सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और भविष्य के प्रति उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। कार्यक्रम में व्याख्याता श्रीमती अभिलाषा दुबे, श्रीमती रंजना बड़ा, श्रीमती नेहा सिंह, सहायक शिक्षक श्री विवेक वर्मा एवं श्री शिव सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा, संस्कार एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों की सबसे बड़ी पूंजी है। सम्मानित विद्यार्थियों ने अपने प्राचार्य एवं शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भविष्य में विद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने, उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने तथा उन्हें उच्च शिक्षा एवं जीवन के नए आयामों की ओर प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल एवं प्रेरणादायक भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।




hjhjhjhj