चिरमिरी की बदहाल सड़कों के विरोध में कांग्रेस ने गड्ढों में रोपे पौधे,
चिरमिरी। शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार ज्ञापन और मौखिक शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में पौधे रोपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चिरमिरी की कई प्रमुख सड़कों की स्थिति लंबे समय से खराब है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में पौधे रोपते हुए कहा कि यह प्रदर्शन महज विरोध नहीं, बल्कि नगर निगम प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराने का प्रयास है। उन्होंने मांग की कि निगम प्रशासन तत्काल खराब सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और सड़कों की आवश्यक मरम्मत का काम शुरू करे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चिरमिरी की सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने की कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो पार्टी जनहित से जुड़े इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवांश जैन, पूर्व महापौर के. डोमरु रेड्डी, पार्षद राहुल भाई पटेल, इंटक अध्यक्ष राजू सलीम, राणा दास, वीरू खान, साबिर, देवनंदन, राहुल मलिक, श्री जायसवाल, सदाशिव, ओ.पी. प्रीतम, वरुण शर्मा, अनीश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0