LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
20 Nov 2026
ब्रेकिंग

निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिता में एमसीबी के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिता में एमसीबी के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिता में एमसीबी के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व। फोटो: आज का दिन न्यूज़

निबंध प्रतियोगिता में सुहाना देवांगन और क्विज में हेमलता ने मारी बाजी, जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को मिले प्रमाण पत्र

मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हुई प्रतियोगिताएं

मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले के स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी परिणामों के अनुसार निबंध प्रतियोगिता में शासकीय नवीन महाविद्यालय नागपुर की बीएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सुहाना देवांगन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़ की कक्षा 11वीं की छात्रा हेमलता ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

निबंध प्रतियोगिता में सुहाना देवांगन प्रथम

जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में सुहाना देवांगन ने पहला स्थान हासिल किया। शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ के बीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र अनिरुद्ध पटेल दूसरे और शासकीय नवीन महाविद्यालय जनकपुर के बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र प्रीतम बैगा तीसरे स्थान पर रहे।

इसी क्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़ की कक्षा 11वीं की छात्रा जेबा बानो ने चौथा तथा निशा खातून ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता के इन पांचों प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

क्विज प्रतियोगिता में हेमलता ने हासिल किया पहला स्थान

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़ की कक्षा 11वीं की छात्रा हेमलता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की प्रियंका दूसरे स्थान पर रहीं।

शासकीय नवीन महाविद्यालय केल्हारी की बीकॉम छात्रा रिया गुज्जर ने तीसरा तथा शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ की बीए छात्रा दिशा लकड़ा ने चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालपुर के कक्षा 10वीं के छात्र जयप्रकाश सिंह और शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ के बीएससी छात्र सुनील सिंह संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे।

चयन समिति ने किया मूल्यांकन, विजेताओं को मिले प्रमाण पत्र

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन एवं चयन समिति में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी लिंगराज सिदार, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा खलखो, प्राचार्य रामकिंकर पाण्डेय तथा व्याख्याता टी. विजय गोपाल राव शामिल रहे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करना उद्देश्य

निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से आयोजित इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची की शुद्धता, मताधिकार, निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व से परिचित कराना है। इस पहल के जरिए युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने वाले चयनित विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एमसीबी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए आगे बढ़ने का अवसर होने के साथ जिले के लिए भी गौरव का विषय है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0