विश्व मधुमेह दिवस पर MCB जिले में जागरूकता अभियान, 20 नवंबर तक होगी विशेष जांच
तीनों विकासखंडों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को किया गया जागरूक, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील
मनेंद्रगढ़। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेंद्रगढ़, खड़गवां एवं भरतपुर विकासखंडों में जागरूकता अभियान चलाया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और शिक्षकों को मधुमेह के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार की जानकारी दी गई।
अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी (एनसीडी) डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के समन्वय में आयोजित किया गया। भरतपुर विकासखंड के जमथान में आयोजित स्कूल जागरूकता कार्यक्रम में 70 तथा मनेंद्रगढ़ विकासखंड के सिरौली में आयोजित कार्यक्रम में 8 लोगों ने सहभागिता की।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि बार-बार पेशाब आना, अधिक प्यास लगना, भूख बढ़ना, बिना कारण वजन घटना और थकान मधुमेह के संभावित लक्षण हैं। इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय पर जांच से मधुमेह के जोखिम एवं जटिलताओं को कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 16 से 20 नवंबर 2026 तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष मधुमेह जांच, स्क्रीनिंग और आवश्यक दवाओं का वितरण किया जाएगा।
जिला एनसीडी सेल ने 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों और जोखिम वाले लोगों से नियमित जांच कराने की अपील की है। वहीं बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज के लिए प्रत्येक बुधवार को जिला चिकित्सालय चिरमिरी में निःशुल्क परामर्श एवं पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मधुमेह के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच कराकर उचित उपचार लें।



पाठकों की टिप्पणियां 0