वरिष्ठ खिलाड़ी बी. मनियम के अगुआई में सुशिमा फाऊण्डेशन के विशेष सहयोग से तैयारियों में जुटी आयोजन समिति
चिरमिरी । कभी अपने श्रेष्ठ खेल इतिहास के लिये जाने जाते रहने वाले कोयलांचल शहर चिरमिरी में शतरंज खेल को लेकर एक नई शुरूआत की जा रही है। अपने समय में शहर के चर्चित खिलाड़ी रहे बी. मनियम (बिच्छू भैया) के अगुआई में पर्यावरण के क्षेत्र में जन जागरूकता फैलाकर वृहद वृक्षारोपण करने में अभिनव पहल करने वाली संस्था सुशिमा वेलफेयर फाउंडेशन अंबिकापुर के विशेष सहयोग से चिरमिरी शतरंज क्लब के द्वारा चिरमिरी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हल्दीबाड़ी में 12 जुलाई रविवार को रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है।
इसमें भाग लेने के लिये वरिष्ठ खिलाड़ी एवं आयोजन समिति के सदस्य बी. मनियम (83197 96028), जीवन लाल (94242 54212) एवं समिति प्रमुख के. डोमरू रेड्डी (97708 59555) से सम्पर्क कर, इच्छुक खिलाड़ी अपना पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन समिति में खेलप्रेमी एवं एसईसीएल रिजनल अस्पताल के सीएमओ डाॅ. अशोक कुमार विराजी, वरिष्ठ खिलाड़ी अशोक सिंह (झगराखाण्ड), जीवन लाल, सुभाष कश्यप, अमित विश्वास, देव प्रसाद गांगुली (देव), चिरमिरी नगर निगम के पूर्व सभापति श्रीमती गायत्री बिरहा, डॉ. सुमित, डी.ए.वी. स्कूल के खेल अधिकारी श्रीमती सीमा सिंह, युवा नेता राणा दास एवं आशुतोष मिश्रा को सम्मिलित किया गया है।
इससे पहले लगभग तीन महीने पूर्व चिरमिरी के होटल मातृ छाया में चिरमिरी के खेल प्रेमियों ने शतरंज के गतिविधियों को आगे बढ़ाने को लेकर एक बैठक किया था, जिसमें सम्भाग स्तरीय एक प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर फैसला लिया गया था। इसी क्रम में आगामी 12 जुलाई को ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है।
इस सम्बंध में प्रेस से जानकारी साझा करते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष चिरमिरी के पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने बताया कि लगभग 20 हजार के नगद पारितोषिक वाले इस प्रतियोगिता में बालक - बालिकायें एवं पुरूष व महिलाओं का अलग- अलग ग्रुप होगा, जिससे कि समान अवसर प्राप्त हो सके।
इसमें आयु वर्ग को लेकर (9 वर्ष से 11), (12 से 13), (14 से 15), (16 से 18) एवं 19 से अधिक आयु वर्ग वालों के लिए ओपन ग्रुप होगा। प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिये प्रवेश शुल्क देना होगा, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के लिये 200 एवं अन्य के लिए 300 रूपये निर्धारित किया गया है। जिसकी अंतिम तिथि 10 जुलाई शाम 5 बजे तक निर्धारित होगी। विजेता व उप विजेता को ट्राफी एवं नगद पुरस्कार के अलावा प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाले सभी खिलाड़ियों को आयोजन समिति की ओर से मैडल एवं प्रमाण पत्र दिया जावेगा। जिससे कि खिलाड़ियों के उत्साह को बनाये रखा जा सके।
चिरमिरी में आयोजित हो रहे इस रैपिड शतरंज प्रतियोगिता के सम्बंध में जानकारी देते हुए प्रतियोगिता के अध्यक्ष डोमरू रेड्डी ने बताया कि इस रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के हर जिले एमसीबी, कोरिया, सुरजपुर, अंबिकापुर सरगुजा, बलरामपुर एवं जशपुर के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होकर शतरंज के विशेषज्ञ आर्बिटेटरों एवं टीम के देखरेख में अपने निर्धारित स्टैण्डर्ड फार्म में 6 से 7 राउण्ड में सम्पन्न होगी।
उन्होने नवगठित मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में पहली बार आयोजित हो रहे इस मानसिक विकास वाले खेल प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से इस प्रतियोगिता को सफल बनाने का आह्वान भी किया है।




पाठकों की टिप्पणियां 0