व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु दी आवश्यक दिशा-निर्देश
बालोद, 30 जुलाई 2026
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम पथराटोला में आंगनबाड़ी केन्द्र एवं उपस्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को आंगनबाड़ी केन्द्र एवं उपस्वास्थ्य केन्द्र के व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आंगनबाड़ी केन्द्र में पहुँचकर नन्हें-मुन्हें बच्चों को अपना स्नेह एवं दुलार देते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र में प्रतिदिन मिलने वाली भोजन एवं नाश्ता के अलावा पढ़ाई-लिखाई के संबंध में भी जानकारी ली। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बच्चों को केला एवं खाद्य पदार्थों का वितरण भी किया। कलेक्टर श्रीमती के मधुर एवं मिश्रा के स्नेहिल व्यवहार से आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चे बहुत ही अभिभूत नजर आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की नियमित उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों को समय पर पौष्टिक भोजन एवं नाश्ता आदि प्रदान करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र के रसोई कक्ष आदि का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ग्राम पथराटोला में आंगनबाड़ी केन्द्र के समीप स्थित उपस्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से अस्पताल की व्यवस्था के अलावा अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या एवं इलाज आदि की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों को अस्पताल में आने वाले मरीजों का समुचित इलाज एवं दवाइयों आदि उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डीडी मण्डले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


पाठकों की टिप्पणियां 0