कक्षा 12वीं के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेरिट विद्यार्थियों के लिए पोर्टल पर लिंक उपलब्ध
अम्बिकापुर 13 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 12वीं के अनुसूचित जाति SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के मेरिट विद्यार्थियों के पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों के पंजीयन एवं सत्यापन के लिए 08 अक्टूबर 2026 से पोर्टल पर लिंक उपलब्ध करा दिया गया है। पंजीयन एवं सत्यापन की संपूर्ण प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण की जानी है।
योजना के अंतर्गत मेरिट सूची एवं पंजीयन से संबंधित दिशा-निर्देश राज्य छात्रवृत्ति पोर्टलschoolscholarship.cg.nic.in के होम पेज पर उपलब्ध हैं। विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के रोल नंबर का उपयोग कर स्वयं पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं। इसके साथ ही स्थायी जाति प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र के एआरएन (ARN) नंबर का उपयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
योजना की शर्तों के अनुसार विद्यार्थियों का महाविद्यालयीन संस्था में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। इसके लिए विद्यार्थियों को पोर्टल पर उपलब्ध बोनाफाइड प्रमाण पत्र का प्रारूप डाउनलोड करना होगा तथा संबंधित महाविद्यालय से प्रमाणित कराना होगा। प्रमाणित बोनाफाइड प्रमाण पत्र के साथ महाविद्यालय की फीस रसीद भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को अपने बैंक खाते से संबंधित आवश्यक जानकारी भी निर्धारित स्थान पर दर्ज करनी होगी। सभी विवरण एवं दस्तावेज पूर्ण करने के बाद आवेदन संबंधित पूर्व अध्ययनरत शाला को सत्यापन के लिए भेजना होगा।
आवेदन के सत्यापन की प्रक्रिया दो स्तरों पर पूरी की जाएगी। सर्वप्रथम कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने वाली संबंधित शाला द्वारा आवेदन का सत्यापन किया जाएगा। इसके पश्चात संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आवेदन का सत्यापन किया जाएगा। दोनों स्तरों से सत्यापित आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) भेजा जा सकेगा।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतरिम मेरिट सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्ध बजट की सीमा के अंतर्गत अंतिम चयन सूची तैयार कर पात्र विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (क्ठज्) के माध्यम से प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की कार्रवाई लोक शिक्षण संचालनालय, ब्लॉक-सी, इन्द्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर द्वारा की जाएगी।
विद्यार्थियों एवं संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि पंजीयन, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा सत्यापन सहित सभी निर्धारित प्रक्रियाएं 31 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। साथ ही आवेदन को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार Send to DEO/DPI करना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों पर समय-सीमा में आगे की कार्रवाई की जा सके।



पाठकों की टिप्पणियां 0