नदीम खान | सूरजपुर
सूरजपुर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूरजपुर जिले में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अगुवाई में आयोजित इस यात्रा में करीब एक हजार नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शासकीय कन्या हाई स्कूल बिश्रामपुर से हुआ। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोग देशभक्ति के नारों के साथ निर्धारित मार्ग से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे। करीब दो किलोमीटर की यात्रा के बाद कार्यक्रम पुनः शासकीय कन्या हाई स्कूल परिसर में संपन्न हुआ।
यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता ने तिरंगा यात्रा को विशेष बना दिया।
आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा में लोगों का उत्साह स्वतंत्रता दिवस के प्रति उनके गौरव और देश के प्रति समर्पण को भी दर्शाता नजर आया।




पाठकों की टिप्पणियां 0