LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
22 Sep 2026
ब्रेकिंग

11वें आयुर्वेद दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में होंगे स्वास्थ्य, योग और जागरूकता के विविध आयोजन

11वें आयुर्वेद दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में होंगे स्वास्थ्य, योग और जागरूकता के विविध आयोजन
11वें आयुर्वेद दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में होंगे स्वास्थ्य, योग और जागरूकता के विविध आयोजन। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले में 11वें आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर 2026, बुधवार को स्वास्थ्य, योग, ध्यान और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयुष विभाग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों को आयुर्वेद, योग, स्वस्थ जीवनशैली और प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है।

इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “Ayurveda for a Healthy Tomorrow” (स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद) रखी गई है। कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा परामर्श, निःशुल्क औषधि, योग-ध्यान तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

भगत सिंह चौक पर लगेगा निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर

मनेन्द्रगढ़ के भगत सिंह चौक बस स्टैंड तिराहा में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सकों द्वारा नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया जाएगा।

इस दौरान नागरिकों को अपनी प्रकृति जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही “रसोई घर से स्वास्थ्य” की अवधारणा के माध्यम से रोजमर्रा में उपलब्ध खाद्य पदार्थों और घरेलू संसाधनों के उचित उपयोग से स्वस्थ रहने के तरीके बताए जाएंगे।

विवेकानंद महाविद्यालय में आयुर्वेद पर संगोष्ठी

विवेकानंद महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयुर्वेद विषयक संगोष्ठी आयोजित होगी। इसमें विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

संगोष्ठी में ऋतुचर्या, दिनचर्या, रसोई घर से स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर आयुर्वेद आधारित जानकारी साझा की जाएगी।

बदलते मौसम के अनुसार खान-पान और दिनचर्या में आवश्यक बदलाव, नियमित जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल तथा नशे से दूर रहने के उपायों को लेकर भी जागरूक किया जाएगा।

योग और ध्यान से होगी कार्यक्रमों की शुरुआत

आयुर्वेद दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण, मनेन्द्रगढ़ में सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में नागरिकों को योगाभ्यास और ध्यान के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

आयुष विभाग ने नागरिकों से इन कार्यक्रमों में शामिल होकर आयुर्वेद, योग और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0