LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
16 Sep 2026
ब्रेकिंग

युवा मतदाता बने जागरूक, लोकतंत्र में भागीदारी का लिया संकल्प

युवा मतदाता बने जागरूक, लोकतंत्र में भागीदारी का लिया संकल्प
युवा मतदाता बने जागरूक, लोकतंत्र में भागीदारी का लिया संकल्प। फोटो: आज का दिन न्यूज़

महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब ने किया जागरूकता कार्यक्रम, नव मतदाताओं को दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी

मनेंद्रगढ़ । शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र- छात्राओं एवं नव मतदाताओं को निर्वाचन के महत्व, मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया तथा नैतिक एवं जागरूक मतदान के प्रति सजग करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला एमसीबी अनिल कुमार सिदार ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए युवाओं की निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल मतदान करना ही नहीं, बल्कि जागरूक एवं जिम्मेदार तरीके से मताधिकार का प्रयोग करना लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान करता है।

डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा खलखो ने एसआईआर का संक्षिप्त परिचय देते हुए मतदाताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने तथा अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।Example Image

जिला निर्वाचन पर्यवेक्षक सतीश कुमार द्विवेदी ने निर्वाचन साक्षरता क्लब की अवधारणा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लब के माध्यम से मतदाताओं एवं भावी मतदाताओं में भारत की निर्वाचन प्रणाली, चुनावी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं कार्यप्रणाली की समझ विकसित की जाती है, ताकि युवा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक एवं जिम्मेदार भागीदार बन सकें।

सहायक प्रोग्रामर, जिला निर्वाचन कार्यालय उपेंद्र कुमार ने 'ECI-NET' एप के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण सहित निर्वाचन संबंधी डिजिटल सेवाओं के उपयोग की व्यावहारिक प्रक्रिया समझाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती ने की। मंच संचालन जिला स्वीप नोडल एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सरोज बाला त्यागी बिश्नोई ने किया।    

महाविद्यालय निर्वाचन साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. नसीमा बेगम अंसारी ने अतिथियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. प्रभा राज, अरुणिमा दत्ता, भीमसेन भगत, रंजीत मणि सतनामी, स्मृति अग्रवाल, सुनील कुमार गुप्ता एवं कमलेश पटेल, समस्त अतिथि व्याख्याताओं तथा कार्यालयीन स्टाफ बी. एल. शुक्ला, माया देवी, पारुल, अवंतिका, कमल सिंह मार्को, लड्डू गोपाल, सतीश सोनी, सोहित, ममता, पारसनाथ एवं प्रदीप मलिक की सक्रिय भूमिका रही।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का सार्थक प्रयास किया गया। नव मतदाताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया को समझने, अपने मताधिकार का जिम्मेदारी पूर्वक प्रयोग करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश ग्रहण किया।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0