चिरमिरी पुलिस एवं एक जागरूक नागरिक की तत्परता ने बचाई एक कॉलरी कर्मी की जान
चिरमिरी । चिरमिरी पुलिस एवं एक जागरूक नागरिक की तत्परता ने बीते दिनों सड़क दुर्घटना में घायल एक कॉलरी कर्मी की जान बचा दी ।
मामले के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व रात्रि के लगभग 9 बजे हल्दीबाड़ी के पंखा दफाई के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन बाइक सवार को ठोकर मारकर फरार हो गया । जिससे बाईक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया । घटना के बाद जहां ज्यादातर लोग तमाशा देख रहे थे, वहीं एक जागरूक नागरिक मो. जाकिर ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल अपनी बाईक से जिला अस्पताल बड़ा बाजार पहुंचाया और घटना की सूचना चिरमिरी पुलिस को दी ।
जिसके बाद चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हॉस्पिटल में पुलिस की टीम को भेजा । घायल की जेब में मिले आधारकार्ड से उसकी पहचान कुरासिया कॉलरी के कार्यरत कॉलरी कर्मी सीमांचल के रूप में हुई । उपचार के लगभग चार घंटे बाद सीमांचल को होश आया । जिसके बाद उसे रीजनल हॉस्पिटल कुरासिया में शिफ्ट कर दिया गया है । वही चिरमिरी पुलिस ने घटना कारित करने वाली पिकअप की पहचान कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है ।
Aaj ka din 












