बैकुण्ठपुर । राज्य स्तर पर चलाए जा रहे व्यापक साइबर जागृति अभियान के तहत कोरिया पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक विशेष जागरूकता व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों को साइबर अपराधों के बढ़ते तरीकों और उनसे सुरक्षित रहने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में डिजिटल लेनदेन के बढ़ने के साथ ही साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।
पेंशनभोगी और सेवानिवृत्त कर्मचारी अक्सर अपनी जमा पूंजी को लेकर ठगों के निशाने पर रहते हैं। इसलिए सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
साइबर सुरक्षा हेतु दिए गए मुख्य टिप्स एवं सावधानियां:
OTP और गोपनीय जानकारी न साझा करें:
किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक अकाउंट डिटेल, पासवर्ड, UPI पिन अथवा OTP कभी न बताएं।
अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें: व्हाट्सएप या SMS पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक या अनजान ऐप (जैसे स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स) को डाउनलोड न करें।
डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल्स से सतर्क रहें
पुलिस, सीबीआई, बिजली विभाग या बैंक अधिकारी बनकर डराने-धमकाने वाले कॉल्स से न घबराएं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पेंशन/डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अपडेट में सावधानी
पेंशन संबंधी कार्यों के लिए केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट या बैंक शाखा का ही उपयोग करें।
आपातकालीन सहायता (साइबर हेल्पलाइन)
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या कोरिया पुलिस साइबर हेल्पलाइन (9479193799 ) पर तुरंत सूचना दें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.inwww.cybercrime.gov.in पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों ने कोरिया पुलिस के इस पहल की सराहना की और अपने अन्य साथियों व समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।




पाठकों की टिप्पणियां 0