राज्योत्सव में जल शुद्धिकरण संयंत्र की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, विधायक रेणुका सिंह ने किया अवलोकन
आधुनिक तकनीकों से पानी को शुद्ध करने की प्रक्रिया का मॉडल के जरिए किया गया प्रदर्शन, नागरिकों को स्वच्छ पेयजल और जल संरक्षण के प्रति किया जागरूक
अफसर अली
मनेंद्रगढ़। जिला स्तरीय राज्योत्सव में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल शुद्धिकरण संयंत्र प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को आधुनिक तकनीकों से पानी को शुद्ध करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल संरक्षण और जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों से भी अवगत कराया गया।

प्रदर्शनी में जल शुद्धिकरण संयंत्र का मॉडल प्रस्तुत कर पानी को स्वच्छ एवं पीने योग्य बनाने के विभिन्न चरणों और फिल्ट्रेशन तकनीक को सरल तरीके से समझाया गया। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अशुद्धियों को दूर कर सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाता है।
जल जीवन मिशन के कार्यों की दी जानकारी
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों तक घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी के जरिए नागरिकों को पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने, जल जनित बीमारियों से बचाव और पानी के जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
विधायक रेणुका सिंह ने समझी संयंत्र की कार्यप्रणाली
भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने जल शुद्धिकरण संयंत्र की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता आकाश पोद्दार ने उन्हें संयंत्र की तकनीक, जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया, जल जीवन मिशन की प्रगति और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
राज्योत्सव में विभाग की इस प्रदर्शनी ने आधुनिक जल शुद्धिकरण तकनीक को आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य और जल संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।




पाठकों की टिप्पणियां 0