कलेक्टर की अध्यक्षता में होगी समीक्षा, शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति और विभागीय समन्वय पर रहेगा विशेष जोर
मनेंद्रगढ़ । एमसीबी जिले में राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस “पल्स पोलियो अभियान“ का आयोजन 28 जून से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में अभियान की तैयारियों की समीक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय टीकाकरण टास्क फोर्स कमेटी की बैठक 23 जून 2026 को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, जिला मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर (एमसीबी) में आयोजित की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े करेंगी। बैठक में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों, बूथों की व्यवस्था, वैक्सीन उपलब्धता, कोल्ड चेन प्रबंधन, माइक्रोप्लान, जनजागरूकता गतिविधियों, मानव संसाधन की तैनाती तथा घर-घर भ्रमण की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए आवश्यक रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक में नगर पालिका परिषद् मनेंद्रगढ़ के अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला सर्विलेंस अधिकारी, जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रबंधक (शहरी) सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए विभागवार जिम्मेदारियों का निर्धारण एवं समन्वय संबंधी विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के शून्य से पांच वर्ष तक आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। अभियान के दौरान पोलियो बूथों पर दवा पिलाने के साथ-साथ घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया है, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0