LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
15 Oct 2026
ब्रेकिंग

एमसीबी : प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए चतुर्थ काउंसलिंग 16 अक्टूबर को

एमसीबी : प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए चतुर्थ काउंसलिंग 16 अक्टूबर को
एमसीबी : प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए चतुर्थ काउंसलिंग 16 अक्टूबर को। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश

एमसीबी/15 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चतुर्थ काउंसलिंग का आयोजन 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को किया जाएगा। कक्षा 9वीं की परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध मेरिट सूची में शामिल पात्र छात्र-छात्राओं को काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया है।

रायपुर में सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी काउंसलिंग
कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार काउंसलिंग 16 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। काउंसलिंग का स्थान कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इन्द्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर, ब्लॉक-05, तृतीय तल, हॉल नंबर-4 निर्धारित किया गया है।

काउंसलिंग के लिए आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य
काउंसलिंग में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल प्रभावित प्रमाण पत्र, 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत होने संबंधी नोटरी का सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा विशेष पीड़ित जनजाति प्रमाण पत्र, जहां लागू हो, साथ लाना होगा।
इसके अतिरिक्त विशेष श्रेणी के अंतर्गत दिव्यांग, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्त महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा करते हुए या कर्तव्य निर्वहन के दौरान पुलिस, अर्धसैनिक बल, सशस्त्र बल अथवा शहीद सैनिक के बच्चों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

प्रवेश की पात्रता के लिए स्थानांतरण एवं चिकित्सा प्रमाण पत्र भी जरूरी
काउंसलिंग के पश्चात संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता होने पर दो कार्यदिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (Transfer Certificate) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिक्त सीटों की संख्या में वृद्धि अथवा कमी हो सकती है।

विभागीय वेबसाइट पर देखें जानकारी
प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश संबंधी जानकारी और मेरिट सूची विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर देखी जा सकती है। पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित होने की अपील की गई है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0