कोरिया पुलिस की बड़ी सफलता: ऑपरेशन “मुस्कान एवं तलाश” में 39 गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी,

कोरिया पुलिस की बड़ी सफलता: ऑपरेशन “मुस्कान एवं तलाश” में 39 गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी,

बैकुंठपुर । कोरिया पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की खोज एवं सुरक्षित वापसी हेतु माह अप्रैल 2026 में विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान एवं तलाश” चलाया गया, जिसके अंतर्गत उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। 

    इस अभियान के दौरान वर्ष 2000 से अप्रैल 2026 तक कुल 39 गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। इनमें 9 नाबालिग बालिकाएं, 10 पुरुष एवं 20 महिलाएं शामिल हैं।    

     इस सफलता से लंबे समय से अपने परिजनों की तलाश कर रहे परिवारों को राहत एवं खुशी मिली है। पुलिस द्वारा संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ प्रत्येक प्रकरण में गंभीरता से कार्यवाही की गई।

     अभियान के दौरान जिले की पुलिस टीमों ने अन्य राज्यों में जाकर भी गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश की। थाना बैकुण्ठपुर क्षेत्र के मामलों में एक नाबालिग बालिका एवं एक महिला को मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से दस्तयाब किया गया। वहीं थाना चरचा क्षेत्र के प्रकरणों में एक बालिका को तमिलनाडु तथा एक युवती को झारखंड से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुरक्षित बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त थाना चरचा क्षेत्र के एक अन्य मामले में एक महिला को हरियाणा राज्य से भी दस्तयाब करने में सफलता मिली।

    इसी क्रम में थाना सोनहत क्षेत्र के एक प्रकरण में एक महिला को महाराष्ट्र के पुणे जिले से खोजकर वापस लाया गया। इन सभी मामलों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए आधुनिक तकनीकी साधनों एवं सतत प्रयासों के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों का पता लगाया। 

     अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा लगातार फील्ड विजिट, संदिग्ध स्थानों की जांच एवं आवश्यक पूछताछ की गई, जिससे सफलता सुनिश्चित हुई।

       जिला पुलिस कोरिया द्वारा संचालित यह अभियान न केवल गुमशुदा व्यक्तियों की खोज में प्रभावी सिद्ध हुआ है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत करता है। पुलिस अधीक्षक कोरिया के मार्गदर्शन में समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर सक्रियता के साथ कार्य किया गया। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।