LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
01 Sep 2026
ब्रेकिंग

केबल चोरी के प्रयास में बसदेई पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, पूछताछ में कई अन्य चोरियों का खुलासा।

केबल चोरी के प्रयास में बसदेई पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, पूछताछ में कई अन्य चोरियों का खुलासा।
केबल चोरी के प्रयास में बसदेई पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, पूछताछ में कई अन्य चोरियों का खुलासा।। फोटो: आज का दिन न्यूज़

सोलर पैनल के केबल से लेकर बाइक और बर्तन चोरी तक के मामलों की मिली जानकारी, दो मोटरसाइकिल समेत औजार जब्त

नदीम खान | सूरजपुर

सूरजपुर। बसदेई पुलिस ने सोलर पैनल के केबल तार चोरी करने के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों से क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल सहित मिनी कटर और लोहे का रॉड जब्त किया गया है।

ग्राम सुन्दरपुर निवासी छक्केलाल सिंह ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत-बगान में सिंचाई के लिए रेड नदी के किनारे सोलर पैनल, 3 एचपी का मोटर पंप और केबल तार लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को ग्राम जूर निवासी नजीर अंसारी और ग्राम रगदा निवासी अंकित तिवारी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और सोलर पैनल में लगे केबल तार को चोरी करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान नजीर कथित रूप से केबल तार काट रहा था, तभी खेत मालिक ने उसे देख लिया और पकड़ लिया।

शिकायत के आधार पर चौकी बसदेई में अपराध क्रमांक 662/2026 दर्ज कर धारा 303(2), 62, 111 एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने चोरी, नकबजनी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में चौकी बसदेई पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए नजीर अंसारी, पिता वारिस अंसारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी जूर दमकोडयापारा तथा अंकित तिवारी, पिता स्व. अयोध्या तिवारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम रगदा, चौकी बसदेई को पकड़ा।

केबल में तांबा देख काटने का प्रयास, एक रख रहा था निगरानी

पुलिस पूछताछ में नजीर अंसारी ने बताया कि वह अंकित तिवारी के साथ मोटरसाइकिल से सुन्दरपुर गया था। वहां दोनों ने नदी किनारे लगे सोलर पैनल और उसके केबल तार को देखा।

पुलिस के मुताबिक, केबल में तांबा होने के कारण नजीर ने प्लास से तार काटना शुरू किया, जबकि अंकित कुछ दूरी पर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। इसी दौरान खेत मालिक की नजर पड़ने पर मामला सामने आया।

पूछताछ में कई अन्य चोरियों की जानकारी आई सामने

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान नजीर ने करीब एक माह पहले अंकित के साथ मिलकर सुन्दरपुर, खोपा और करंजी क्षेत्र से सोलर पैनल के केबल तार चोरी करने की बात स्वीकार की।

इसके अलावा मलगा पुलिया के पास स्थित एक मकान से कांसा एवं पीतल के बर्तन चोरी करने तथा चोरी का सामान सूरजपुर के तीन व्यक्तियों को बेचने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले बताए जा रहे व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

साप्ताहिक बाजार से दो होंडा शाइन बाइक चोरी का भी खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों से करीब एक माह पूर्व सूरजपुर के साप्ताहिक बाजार से दो होंडा शाइन मोटरसाइकिल चोरी करने के संबंध में भी जानकारी मिली।

पुलिस का कहना है कि चोरी की एक मोटरसाइकिल अंकित तिवारी ने अपने घर पर रखी थी, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल नजीर अंसारी कर रहा था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक मिनी कटर और लोहे का रॉड जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना में आरोपियों द्वारा संगठित रूप से अपराध किए जाने संबंधी तथ्य सामने आने पर प्रकरण में धारा 111 एवं 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नजीर अंसारी के विरुद्ध पूर्व में दर्ज बताए गए मामले

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार नजीर अंसारी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों एवं चौकियों में मामले दर्ज हैं।

1. चौकी बसदेई, थाना सूरजपुर - अपराध क्रमांक 450/2026, धारा 457, 380 भादंसं।

2. चौकी बसदेई - अपराध क्रमांक 451/2026, धारा 457, 380 भादंसं।

3. चौकी बसदेई - अपराध क्रमांक 121/2026, धारा 296(बी), 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस।

4. थाना पटना, जिला कोरिया - अपराध क्रमांक 146/2019, धारा 379 भादंसं।

5. थाना प्रतापपुर - अपराध क्रमांक 16/2024, धारा 457, 380 भादंसं।

अंकित तिवारी के विरुद्ध पूर्व में दर्ज बताए गए मामले

पुलिस के अनुसार अंकित तिवारी के विरुद्ध भी पूर्व में मामले दर्ज हैं।

1. चौकी बसदेई, थाना सूरजपुर — अपराध क्रमांक 497/2026, धारा 305(क), 331(4) बीएनएस।

2. चौकी बसदेई — अपराध क्रमांक 210/2026, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0