गोदरीपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के आसपास बदहाल रास्तों और खुले गड्ढों से बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा, निर्माण एजेंसी और नगर निगम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील
चिरमिरी। नगर पालिक निगम चिरमिरी के गोदरीपारा क्षेत्र में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के सामने जिला अस्पताल निर्माण एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य के चलते स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्कूल के आसपास जगह-जगह की गई खुदाई, खुले गड्ढों और खराब रास्तों के कारण विद्यार्थियों को प्रतिदिन आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्यों के बीच सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था नहीं होने से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने आते हैं। सुबह स्कूल पहुंचने और दोपहर छुट्टी के समय विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में निर्माण कार्य के कारण प्रभावित रास्तों से गुजरना उनके लिए जोखिम भरा हो गया है। कहीं सड़क की खुदाई की गई है तो कहीं पाइपलाइन बिछाने के लिए गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। इससे पैदल चलने वाले बच्चों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। बारिश या कीचड़ की स्थिति में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
पार्षद राहुल भाई पटेल ने जताई चिंता, संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई की मांग
वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद राहुल भाई पटेल ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों से तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद विद्यालय में अध्ययनरत बच्चे हमारे समाज और क्षेत्र का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य है और पाइपलाइन विस्तार भी जनसुविधा से जुड़ा हुआ है। इन कार्यों का स्वागत है, लेकिन विकास कार्यों के दौरान आम नागरिकों और विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
पार्षद ने निर्माण एजेंसी, नगर निगम प्रशासन और पाइपलाइन कार्य से जुड़े अधिकारियों से मांग की है कि स्कूल के सामने से गुजरने वाले रास्ते को तत्काल आवागमन योग्य बनाया जाए। खुदाई के बाद खुले पड़े गड्ढों को व्यवस्थित ढंग से भरा जाए अथवा सुरक्षित किया जाए। साथ ही निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और बच्चों के लिए सुरक्षित आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।
विकास कार्य जरूरी, लेकिन बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं
राहुल भाई पटेल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी विकास कार्य में बाधा उत्पन्न करना नहीं है, बल्कि विकास कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के साथ आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी तत्काल मौके का निरीक्षण करें और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराएं। किसी अप्रिय घटना के घटित होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही सावधानी बरतना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षित राह, बेहतर शिक्षा और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता होनी चाहिए। विकास कार्यों के साथ जनसुरक्षा का बेहतर समन्वय बनाकर इस समस्या का जल्द निराकरण किया जाना चाहिए।




पाठकों की टिप्पणियां 0