LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
07 Aug 2026
ब्रेकिंग

झिलमिली पुलिस ने ग्राम कोटवारों को बनाया सुरक्षा का प्रहरी, संदिग्धों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

झिलमिली पुलिस ने ग्राम कोटवारों को बनाया सुरक्षा का प्रहरी, संदिग्धों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
झिलमिली पुलिस ने ग्राम कोटवारों को बनाया सुरक्षा का प्रहरी, संदिग्धों पर कड़ी निगरानी के निर्देश। फोटो: आज का दिन न्यूज़

हर माह दो बार थाना में जानकारी देने, किरायेदार व बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन करने और अवैध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने पर जोर,

नदीम खान | सूरजपुर

सूरजपुर। जिले में ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा सूचना तंत्र को सशक्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को थाना झिलमिली में थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों की बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और पुलिस को त्वरित सूचना देने पर विशेष जोर दिया गया।

थाना प्रभारी ने सभी कोटवारों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह कम से कम दो बार थाना में उपस्थित होकर अपने-अपने गांव की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की जानकारी दें। गांव में आने वाले अजनबी, संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों, मुसाफिरों और अवैध प्रवासियों का सत्यापन कर उनका नाम, पता, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और फोटो रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि गांव में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, बाहरी व्यक्ति की असामान्य आवाजाही, झगड़ा-विवाद, अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थों के कारोबार, पशु तस्करी, चोरी या अन्य अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कोटवारों को दिए गए प्रमुख निर्देश

बैठक में कोटवारों को नए किरायेदारों का तत्काल सत्यापन कराने, रात में गांव में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने तथा स्कूल, पंचायत भवन और बाजार जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर ठगी, बैंक फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी से ग्रामीणों को सतर्क करने, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं की तुरंत सूचना देने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों की पुष्टि किए बिना उन्हें साझा नहीं करने के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा गया।

इसके अलावा ग्राम स्तर पर शांति समिति और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान सभी कोटवारों को सत्यापन कार्य सुचारु रूप से करने के लिए रजिस्टर और पेन वितरित किए गए।

थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने कहा कि ग्राम कोटवार पुलिस की आंख और कान होते हैं तथा उनकी सक्रियता से अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।

सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गांव में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अवैध कार्य की जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें और सुरक्षित व अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0