LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
02 Sep 2026
ब्रेकिंग

जन्माष्टमी-गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश,

जन्माष्टमी-गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश,
जन्माष्टमी-गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

स्कूलों के आसपास दुकानों पर कार्रवाई से लेकर पंडाल, ड्रोन, ट्रैफिक और विसर्जन तक रहेगी प्रशासन की कड़ी नजर,

मनेन्द्रगढ़। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े और पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पूजा पंडाल, विसर्जन, विद्युत सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पर्व के दौरान सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

स्कूलों के आसपास दुकानों पर होगी विशेष कार्रवाई

बैठक में सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप स्कूलों के आसपास संचालित दुकानों की जांच और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ 20 हजार रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चिरमिरी, हल्दीबाड़ी, मनेन्द्रगढ़ और खड़गवां क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर डिप्टी कलेक्टर एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से निगरानी और कार्रवाई करने कहा गया।

रैली और पंडाल के लिए अनुमति जरूरी

जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी के दौरान रैली निकालने के लिए संबंधित एसडीएम और पुलिस विभाग से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

अनुमति देते समय प्रमुख मार्गों, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की आवाजाही को ध्यान में रखने के निर्देश दिए गए। गणेश पंडाल लगाने वाली समितियों और आयोजकों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया।

सड़क पर इस तरह पंडाल नहीं लगाए जाएंगे जिससे यातायात बाधित हो। पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की व्यवस्था करना भी आयोजक समितियों की जिम्मेदारी होगी।

पंडालों में CCTV कैमरे अनिवार्य

सभी पूजा पंडालों और उनके आसपास CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। गणेश उत्सव के दौरान मिट्टी की प्रतिमाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

विसर्जन के लिए निर्धारित रूट और पार्किंग स्थल की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने तथा संबंधित समितियों को विसर्जन स्थल और रूट की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने कहा गया है।

मंदिरों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ेगी

पुलिस विभाग को मंदिरों, मस्जिदों, गणेश पंडालों, संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

पंडालों में महिलाओं के आभूषण और अन्य सामान की चोरी की आशंका को देखते हुए समितियों एवं स्वयंसेवकों के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को अपने सामान की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने कहा गया है।

बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई

पर्व के दौरान ड्रोन संचालन पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। बैठक में स्पष्ट किया गया कि ड्रोन उड़ाने के लिए आवश्यक अनुमति लेना होगा और अधिकृत एवं लाइसेंसधारी व्यक्ति को ही ड्रोन संचालन की अनुमति दी जाएगी।

बिना अनुमति या असुरक्षित तरीके से ड्रोन उड़ाते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

हाईवे और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी

मनेन्द्रगढ़ से नागपुर तक हाईवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ढाबा संचालकों द्वारा उचित पार्किंग व्यवस्था नहीं किए जाने की स्थिति में नोटिस और चालानी कार्रवाई करने को कहा गया है।

यातायात कार्रवाई की हर घंटे की औसत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी घटनाओं की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।

शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा आवश्यकतानुसार वाहन जब्ती के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली, सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्था भी रहेगी दुरुस्त

नगर पालिका और नगर निगम को प्रमुख मार्गों एवं पर्व स्थलों पर साफ-सफाई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया है।

विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ विद्युत सुरक्षा के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला अस्पताल को पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था तैयार रखने कहा गया है।

विभागों के बीच समन्वय पर जोर

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और पर्व के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, समस्त डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम, चौकी प्रभारी, जनपद सीईओ, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन की तैयारी का मकसद—पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित हो

प्रशासन ने पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। अब आयोजक समितियों और आम नागरिकों से भी नियमों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपेक्षा की गई है।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ हों, लेकिन कानून-व्यवस्था, यातायात और नागरिक सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0