LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
16 Oct 2026
ब्रेकिंग

नवजात की मौत के मामले में जांच शुरू, पांच सदस्यीय टीम ने दर्ज किए परिजनों के बयान

नवजात की मौत के मामले में जांच शुरू, पांच सदस्यीय टीम ने दर्ज किए परिजनों के बयान
नवजात की मौत के मामले में जांच शुरू, पांच सदस्यीय टीम ने दर्ज किए परिजनों के बयान। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे द्वारा गठित पांच सदस्यीय टीम ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए।

मनेंद्रगढ़ के लालपुर निवासी आमटी कुमार रवि ने 10 सितंबर 2026 को अपनी पत्नी को प्रसव के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, जन्म के बाद नवजात की हालत बिगड़ने पर उसे अंबिकापुर रेफर किया गया। वहां जांच के दौरान बच्चे के हाथ-पैर की हड्डियों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। इसके बाद उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां 4 अक्टूबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और थाने में शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। उनका कहना है कि पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

सीएमएचओ के निर्देश पर गठित जांच दल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। उपचार में लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0