LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
17 Jul 2026
ब्रेकिंग

जलवायु परिवर्तन से लड़ाई में वन अधिकारियों की भूमिका सबसे अहम: राज्यपाल रमेन डेका

जलवायु परिवर्तन से लड़ाई में वन अधिकारियों की भूमिका सबसे अहम: राज्यपाल रमेन डेका
जलवायु परिवर्तन से लड़ाई में वन अधिकारियों की भूमिका सबसे अहम: राज्यपाल रमेन डेका। फोटो: आज का दिन न्यूज़

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में वन अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से जंगलों के संरक्षण के साथ-साथ नवाचार और जनसेवा को भी अपने कार्य का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

लोक भवन में शनिवार को छत्तीसगढ़ राज्य वन सेवा 2023 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने राज्यपाल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन आज विश्व की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और वन अधिकारियों के पास उपलब्ध अधिकारों, संसाधनों तथा कानूनों का प्रभावी उपयोग कर इसके दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ अत्यधिक छेड़छाड़ के कारण भूकंप, बाढ़ और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में मानव, पशु और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना सतत विकास के लिए आवश्यक है।Example Image

राज्यपाल ने रेत के महत्व का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से शोध और नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे उपाय विकसित किए जाने चाहिए जिनसे नदियों में जल प्रवाह बना रहे, पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे और आवश्यक मात्रा में रेत भी उपलब्ध हो सके।

उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को गंभीरता से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि कई स्थानों पर पेड़ों के चारों ओर कंक्रीट का घेरा बना दिया जाता है, जिससे उनके विकास और भू-जल पुनर्भरण की प्रक्रिया प्रभावित होती है। ऐसे मामलों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि वन अधिकारियों का कार्य केवल कार्यालय तक सीमित नहीं है। उन्हें जंगलों में जाकर वनवासियों की समस्याओं को समझना चाहिए और वनों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए नवीन उपाय अपनाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जीवन में पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता और मानव सेवा जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता देने की अपील की।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा छत्तीसगढ़ राज्य वन सेवा 2023 बैच के प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0