LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
02 Aug 2026
ब्रेकिंग

सूरजपुर में नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ, मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े की मौजूदगी में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ,

सूरजपुर में नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ, मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े की मौजूदगी में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ,
सूरजपुर में नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ, मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े की मौजूदगी में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से किया राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ, अगले 100 सप्ताह तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान,

नदीम खान / सूरजपुर

सूरजपुर, 2 अगस्त 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को देशव्यापी 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सूरजपुर जिले में इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाति सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं, युवा एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री का सीधा प्रसारण देखा और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ ली। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि युवाओं का भविष्य अनुशासन, शिक्षा और स्वस्थ जीवनशैली पर निर्भर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा हर प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारण सामाजिक अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि होती है, इसलिए इसे जनआंदोलन बनाना आवश्यक है।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने युवाओं से जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए नशे से दूर रहने की अपील की। वहीं छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि नशा स्वास्थ्य और भविष्य दोनों के लिए नुकसानदायक है तथा युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।

लाइफलाइन एक्सप्रेस की भी दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि लाइफलाइन एक्सप्रेस ट्रेन 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक विश्रामपुर में उपलब्ध रहेगी, जहां विभिन्न बीमारियों के मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

100 सप्ताह तक चलेगा अभियान

2 अगस्त 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक देशभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से रैली, शपथ ग्रहण, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, संगीत, लघु फिल्म और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0