LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
07 Aug 2026
ब्रेकिंग

फाइनल में डीपीएस छिंदवाड़ा की धमाकेदार एंट्री, गोंदिया को 6-0 से रौंदकर दिखाया दम,

फाइनल में डीपीएस छिंदवाड़ा की धमाकेदार एंट्री, गोंदिया को 6-0 से रौंदकर दिखाया दम,
फाइनल में डीपीएस छिंदवाड़ा की धमाकेदार एंट्री, गोंदिया को 6-0 से रौंदकर दिखाया दम,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

आज साधुराम विद्या मंदिर परिसर में होगा खिताबी मुकाबला, तीन दिवसीय टूर्नामेंट का दोपहर 12 बजे होगा समापन,

नदीम खान, सूरजपुर।

सूरजपुर। साधुराम विद्या मंदिर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय एमपावर इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। विभिन्न राज्यों और शहरों से पहुंची टीमों ने अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। दूसरे दिन का सबसे चर्चित मुकाबला डीपीएस छिंदवाड़ा और आरडब्ल्यूएस गोंदिया के बीच रहा, जिसमें डीपीएस छिंदवाड़ा ने एकतरफा खेल दिखाते हुए 6-0 की शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

अंडर-14 वर्ग में एलॉन्स पब्लिक स्कूल ने आरडब्ल्यूएस महासमुंद को 4-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। वहीं एसआरवीएम स्कूल, सूरजपुर और कोलंबिया स्कूल, रायपुर के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद कोलंबिया स्कूल, रायपुर ने आरडब्ल्यूएस महासमुंद को 1-0 से हराया, जबकि डीपीएस संबलपुर ने एलॉन्स पब्लिक स्कूल को 1-0 से पराजित किया।

अंडर-19 वर्ग में जेपी कांकेर ने एसआरवीएम स्कूल, सूरजपुर को 4-0 से हराया। वहीं डीपीएस छिंदवाड़ा ने आरडब्ल्यूएस गोंदिया के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं देते हुए 6-0 से करारी शिकस्त देकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

टूर्नामेंट के दौरान जिले के अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रमुख अतिथियों में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बलराम शर्मा, लोक अभियोजक राजू दास, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवेश गोयल सहित वरिष्ठ पत्रकार सुनील अग्रवाल, विनय मिश्रा, जानी खान, समरोज खान, विष्णु कसेरा, अमीर खान, कौशलेन्द्र यादव, प्रवीण कुमार साहू एवं नीरज कुमार साहू उपस्थित रहे।

आयोजकों ने सभी प्रतिभागी टीमों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा, जबकि प्रतियोगिता का समापन समारोह दोपहर 12 बजे साधुराम विद्या मंदिर परिसर में आयोजित होगा, जिसमें विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से फाइनल मुकाबला देखने पहुंचने की अपील की है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0