चिरमिरी। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित गरबा महोत्सव सीजन-3 के दूसरे दिन भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। दूधिया रोशनी से जगमगाते आयोजन स्थल पर माता रानी के भजनों और गरबा की थाप के बीच श्रद्धालु भक्तिरस में झूमते नजर आए। स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति ने आयोजन की रौनक बढ़ाई, जबकि भालू नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
मां आदिशक्ति के चरणों में नवाया शीश
महोत्सव में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने मां आदिशक्ति के चरणों में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने गरबा में शामिल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
माता के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
आयोजन स्थल पर ‘ऊंचे डेरों वाली, ओ शेरों वाली, बिगड़े बना दे काम रे’ जैसे माता रानी के भक्ति गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने गरबा की लय पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। दूधिया रोशनी, भक्ति संगीत और सामूहिक नृत्य ने आयोजन को खास बना दिया।
भालू नृत्य ने खींचा दर्शकों का ध्यान
गरबा महोत्सव की दूसरी शाम भालू नृत्य विशेष आकर्षण रहा। अपनी अनूठी और मनोरंजक प्रस्तुति से इसने दर्शकों का ध्यान खींचा। भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच इस प्रस्तुति ने उत्सव में मनोरंजन का नया रंग भर दिया।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में नगर निगम चिरमिरी के महापौर राम नरेश सिंह, सभापति संतोष सिंह, पूर्व महापौर डमरू बेहरा, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राम प्रताप गुप्ता, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन एवं धर्मेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, एल्डरमैन और महिला मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गरबा महोत्सव का दूसरा दिन मां आदिशक्ति की आराधना, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रहा। श्रद्धालुओं की सहभागिता और भक्ति से सराबोर माहौल ने चिरमिरी में नवरात्रि के उत्सव को यादगार बना दिया।




पाठकों की टिप्पणियां 0