पेयजल पाइपलाइन का होगा विस्तार, सड़कों और नालियों का निर्माण, फुटपाथ व स्ट्रीट लाइट से भी बदलेगी शहर की तस्वीर
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी। चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शहरी विकास को गति देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। शहर में कुल 9 करोड़ 82 लाख 71 हजार रुपये की लागत से 89 विकास कार्यों को अनुमति प्रदान की गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने 15वें वित्त आयोग के अबंधित अनुदान से इन कार्यों को कराने की मंजूरी दी है।
स्वीकृत कार्यों में पेयजल पाइपलाइन का विस्तार, सीमेंट-कंक्रीट सड़कों का निर्माण, आरसीसी नालियों का निर्माण, पैदल पथ और मार्ग प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से शहर के विभिन्न वार्डों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने और लंबे समय से महसूस की जा रही बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने विकास कार्यों की अनुमति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पेयजल पाइपलाइन के विस्तार से नागरिकों को पानी की बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़कों और पैदल पथों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, जबकि नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था में सुधार आएगा। इन कार्यों से चिरमिरी के विकास को नई गति मिलेगी और शहर का स्वरूप भी बेहतर होगा।
इन क्षेत्रों में होंगे प्रमुख विकास कार्य
स्वीकृत कार्ययोजना के तहत पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वार्ड क्रमांक 8 के कोरिया कॉलरी क्षेत्र में संतोषी माता मंदिर के सामने से काली मंदिर तक मुख्य पाइपलाइन विस्तार के लिए 49.87 लाख रुपये की अनुमति दी गई है।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 6 के गंगाधर तिलक वार्ड में विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार के लिए 28.60 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 10 के हल्दीबाड़ी क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन विस्तार के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क एवं नाली निर्माण के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 6 और 8 के बीच सीमेंट-कंक्रीट सड़क तथा आरसीसी नाली निर्माण के लिए 47.80 लाख रुपये की अनुमति मिली है। वहीं वार्ड क्रमांक 8 में मुख्य मार्ग से शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क निर्माण के लिए 9.86 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वार्ड क्रमांक 31 के गोदरीपारा में कोठारी मैदान के पास मार्ग प्रकाश व्यवस्था पर 9.90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा बड़ा बाजार क्षेत्र में तालाब तक पैदल पथ बनाने और तालाब की सुरक्षा दीवार के निर्माण को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
गुणवत्ता और समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने नगर निगम प्रशासन को सभी आवश्यक तकनीकी, प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृतियां सक्षम प्राधिकारी से प्राप्त करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया है।
अब इन विकास कार्यों की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि स्वीकृत राशि का सही उपयोग हो, निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों और शहर के प्रत्येक संबंधित वार्ड के नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिले।




पाठकों की टिप्पणियां 0