चयनित कलाकारों को हर वर्ष ₹12 हजार से ₹24 हजार तक प्रोत्साहन राशि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल का जताया आभार,
रायपुर। मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 को लेकर भाजपा छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने प्रदेश सरकार का स्वागत करते हुए इसे लोक कला और कलाकारों के संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया है। प्रकोष्ठ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रदेश संयोजक अनुपम पाल ने कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला, लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ लोक कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में दूरदर्शी कदम है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष ₹12,000 से ₹24,000 तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जिससे कलाकार सम्मानपूर्वक अपनी कला साधना जारी रख सकेंगे।
उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र लोक कलाकारों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी लोक कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अनुपम पाल ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लोक कला, लोक संस्कृति और कलाकारों के सम्मान के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी निर्णय लेती रहेगी, जिससे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
इस अवसर पर भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला कोरिया के पूर्व संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सनी हथगेन ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए योजना का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से उन प्रतिभाशाली लोक कलाकारों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है, जो आर्थिक अभाव के कारण अपनी कला को आगे नहीं बढ़ा पाते थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में यह योजना लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन तथा पारंपरिक वाद्ययंत्र वादन से जुड़े कलाकारों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0