सूरजपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 44 लाख रुपये कीमत का 88 किलो 430 ग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया है।
नदीम खान/सूरजपुर
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 की रात थाना प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक CG 16 CN 7570 में अवैध गांजा परसाकेते की ओर से बचरापोड़ी, जिला कोरिया की तरफ ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस ने ग्राम रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर बोलेरो चालक वाहन लेकर बस्ती की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे ब्रम्हपुर में पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान, पिता स्व. अयुब खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने के बाद उसने बोलेरो को अस्पताल परिसर में छिपा दिया और वाहन छोड़कर बाइक से लिफ्ट लेकर भागने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से बोलेरो वाहन की तलाशी ली, जिसमें 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा और उसके परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी)(II)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा, आरक्षक सत्यम सिंह, हरिशचंद दास, दीपक यादव, बृजेश काशी और संतोष ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और आमजन के सामूहिक प्रयासों से ही जिले को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त कराने की दिशा में प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।




पाठकों की टिप्पणियां 0