रायपुर, 11 सितंबर 2026। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने हादसे में दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन से लगातार समन्वय किया जा रहा है। हादसे में प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन और दुखद समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। घायलों के उपचार, मृतकों के परिजनों को आवश्यक सहायता तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए हादसे में छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर जा रहे यात्रियों से भरे वाहन की ट्रक से टक्कर की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार हादसे में कई लोगों की जान गई है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।




पाठकों की टिप्पणियां 0