LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
08 Oct 2026
ब्रेकिंग

बकरी की चमड़ी को लेकर हुआ विवाद, डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या; आरोपी पति कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

बकरी की चमड़ी को लेकर हुआ विवाद, डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या; आरोपी पति कुछ ही घंटों में गिरफ्तार
बकरी की चमड़ी को लेकर हुआ विवाद, डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या; आरोपी पति कुछ ही घंटों में गिरफ्तार। फोटो: आज का दिन न्यूज़

चेन्द्रा चौकी क्षेत्र के ग्राम पलमा की घटना, पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा किया बरामद

सूरजपुर। जिले के चेन्द्रा चौकी क्षेत्र के ग्राम पलमा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद चेन्द्रा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है।

मृतका की पहचान रामकुमारी के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उसका पति रिंकू पैकरा उर्फ बउधा (32 वर्ष) है, जो ग्राम पलमा का निवासी है।

बकरी की चमड़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को ग्राम पलमा निवासी रजनी पैकरा ने चेन्द्रा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक रिंकू पैकरा और उसकी पत्नी रामकुमारी सुबह बस्ती की ओर गए थे।

दोपहर में दोनों के घर लौटने के बाद रिंकू ने अपनी पत्नी से ‘बकरी की चमड़ी’ के संबंध में जानकारी मांगी। रामकुमारी द्वारा जानकारी होने से इनकार करने पर आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गया और डंडा उठाकर उसके साथ मारपीट करने लगा।

इसी दौरान रजनी पैकरा ने डंडा छीनकर अलग कर दिया और खेत की ओर चली गईं।

घर लौटने पर मृत मिली रामकुमारी

शाम को जब रजनी पैकरा वापस घर पहुंचीं तो वहां ग्रामीणों की मौजूदगी में रामकुमारी मृत अवस्था में मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक रिपोर्ट और घटनाक्रम के आधार पर आरोप है कि रिंकू पैकरा ने डंडे से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चेन्द्रा चौकी में अपराध क्रमांक 219/26 दर्ज कर धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन तथा एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में चेन्द्रा पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रिंकू पैकरा उर्फ बउधा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर डंडा बरामद

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी चेन्द्रा केश्वर राम मरावी, प्रधान आरक्षक लालमन राजवाडे, शत्रुहन पोर्ते, राजकुमार तथा आरक्षक जगत पैकरा, कमलेश्वर सिंह, दीपक खलखो, गिरजा शंकर, घनश्याम सिंह और शैलेश राजवाडे की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0