धान उपार्जन केंद्रों में भारी अनियमितता का आरोप, ब्लॉक कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन...

धान उपार्जन केंद्रों में भारी अनियमितता का आरोप, ब्लॉक कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन...

नदीम खान सूरजपुर 

सूरजपुर : सूरजपुर जिले के कई धान उपार्जन केंद्रों में भारी अनियमितता और कथित महाघोटाले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जफर हैदर के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों पर एफआईआर और कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

प्रशासन की संयुक्त जांच टीम की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 8 धान उपार्जन केंद्रों में बड़े पैमाने पर धान की कमी पाई गई है। इनमें सावारावा केंद्र में 6470 बोरी (लगभग 2588 क्विंटल), टुकूडांड में 16032 बोरी (6412.8 क्विंटल), शिवप्रसादनगर में 13880 बोरी (5552 क्विंटल), सूरजपुर में 16526 बोरी (6610.4 क्विंटल), उमेश्वरपुर में 17591 बोरी (लगभग 7630 क्विंटल), सोनपुर में 10484 बोरी (4100 क्विंटल), चंदौरा में 2045 बोरी (818 क्विंटल) और लटोरी में 10919 बोरी (लगभग 4367.6 क्विंटल) धान की कमी सामने आई है।

इसके अलावा रामानुजनगर के छिंदिया उपार्जन केंद्र में भी करीब 3000 बोरी धान कम होने का उल्लेख जांच रजिस्टर में दर्ज बताया गया है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जफर हैदर ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में धान की कमी केवल लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित घोटाले की ओर इशारा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक जिम्मेदार प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों पर न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही निलंबन जैसी ठोस कार्रवाई हुई है। केवल नोटिस जारी करना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ब्लॉक कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों के हितों की रक्षा हो सके और भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न हो।