सेवा संकल्प अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह के तहत ग्रामीण परिवारों को संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक
सूरजपुर, 5 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन मिलन एवं विशेष पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, महिलाओं के स्वास्थ्य और कुपोषण की रोकथाम को लेकर ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की। इस दौरान स्थानीय खाद्य सामग्री और पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से पोषण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
मेरी पौष्टिक थाली ने दिया संतुलित आहार का संदेश
कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी साग-सब्जियों, मौसमी फलों और पारंपरिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाई गई। ‘मेरी पौष्टिक थाली’ के माध्यम से भोजन में विविधता और स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने का संदेश दिया गया।
महिलाओं को बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं की अलग-अलग पोषण संबंधी जरूरतों के बारे में जानकारी दी गई। अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित देखभाल के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान के तहत परिवारों को घर के आसपास मुनगा लगाने और इसे नियमित आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों का संतुलित उपयोग परिवार के पोषण स्तर को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। कुपोषण की रोकथाम के लिए संतुलित खान-पान के साथ स्वच्छता और परिवार एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी को भी जरूरी बताया गया।
महिलाओं से संवाद कर योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित आहार के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ पात्र महिलाओं और बच्चों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




पाठकों की टिप्पणियां 0