LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
20 Sep 2026
ब्रेकिंग

युवा रत्न सम्मान योजना 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित

युवा रत्न सम्मान योजना 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित
युवा रत्न सम्मान योजना 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित। फोटो: आज का दिन न्यूज़

प्रदेश के उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

मनेंद्रगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने एवं राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना 2026-27 संचालित की जा रही है।

योजना के तहत प्रत्येक वर्ष 01 स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में 01-01 उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान स्वरूप 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये तथा अन्य युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित प्रत्येक युवा को 1 लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ पदक, शाल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से आवेदन आमंत्रित कर उनका परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। जिला स्तरीय चयन/निर्णायक समिति द्वारा पात्र आवेदनों की अनुशंसा संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण को भेजी जाएगी। इसके बाद राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा आवेदनों का परीक्षण कर अंतिम चयन किया जाएगा।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

जिला स्तरीय समितियों का गठन 21 से 30 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से आवेदन 1 से 30 अक्टूबर 2026 तक आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण 1 से 15 नवंबर 2026 तक होगा तथा चयनित आवेदनों को संचालनालय भेजने की अंतिम अवधि 15 से 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम सूची 1 जनवरी 2027 को घोषित की जाएगी। पुरस्कार वितरण 12 जनवरी 2027 को युवा महोत्सव के उद्घाटन समारोह के अवसर पर किया जाएगा।    

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी जिलों में योजना का व्यापक प्रचार- प्रसार सुनिश्चित करते हुए पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से निर्धारित अवधि में आवेदन आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0