LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
12 Nov 2026
ब्रेकिंग

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कोटया में किया दो सड़कों का भूमिपूजन, 6.41 करोड़ रुपये से होगा निर्माण

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कोटया में किया दो सड़कों का भूमिपूजन, 6.41 करोड़ रुपये से होगा निर्माण
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कोटया में किया दो सड़कों का भूमिपूजन, 6.41 करोड़ रुपये से होगा निर्माण। फोटो: आज का दिन न्यूज़

धनपुर-कोटया और बोडेमुड़ा-रतनपुर मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत, जून तक काम पूरा करने का लक्ष्य; क्षेत्र में आठ बड़े पुलों के निर्माण को भी मिली स्वीकृति

चिरमिरी। खड़गवां विकासखंड के ग्राम कोटया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पटेल बहरा में क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत स्वीकृत इन दोनों सड़क परियोजनाओं पर कुल 641.37 लाख रुपये अर्थात लगभग 6 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

अतिथियों की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस दौरान पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। पहली सड़क धनपुर से कोटया व्हाया पटेल बहरा तक 5.40 किलोमीटर लंबाई में बनाई जाएगी, जिस पर 452.71 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं दूसरी सड़क बोडेमुड़ा से रतनपुर व्हाया सरनापारा तक 2.40 किलोमीटर लंबी होगी, जिसकी स्वीकृत लागत 188.66 लाख रुपये है। दोनों सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।

गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सड़क निर्माण केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। अच्छी सड़कें बनने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

मंत्री ने बताया कि दोनों सड़क निर्माण कार्यों को जून माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में आठ बड़े पुलों के निर्माण की स्वीकृति मिलने की जानकारी देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों की आवागमन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

कोटया में विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का होगा निराकरण

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विकास कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं और मांगों पर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने जनपद पंचायत खड़गवां के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ग्राम कोटया में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया जा सके। वहीं वन अधिकार पट्टे से संबंधित लंबित प्रकरणों को लेकर संबंधित रेंजर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने ग्रामीणों से कहा- अपनी समस्याएं लेकर सीधे मेरे पास आएं

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि गांव के लोगों को अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे अपनी परेशानियों और मांगों को लेकर उनके पास क्यों नहीं आते? समस्याओं को सामने रखने पर ही उनके समाधान का रास्ता निकलता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी समस्या को लेकर संकोच न करें और अपनी बात खुलकर रखें, ताकि उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा सके।

खड़गवां क्षेत्र में आठ नए पुलों के निर्माण को स्वीकृति

पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने जानकारी दी कि खड़गवां क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए आठ बड़े पुलों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इन पुलों की कुल लंबाई 445 मीटर होगी। इनके निर्माण पर लगभग 27 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

प्रस्तावित पुल करवान, परसमुड़ा गंजपारा, मुगुम-कर्मिपारा, करवा-कोडांगी, रतनपुर-बैगापारा, सिटगापारा-बेलबहरा, चिलबाहिरपारा और बरमोरा नाला क्षेत्र में बनाए जाएंगे। इन पुलों के निर्माण से विशेषकर बरसात के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने और गांवों का संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रिया मसराम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सावित्री, ग्राम पंचायत कोटया की सरपंच श्रीमती सुमंती बाई, ग्राम पंचायत बोडेमुड़ा के सरपंच सुमार सिंह साय, जनपद पंचायत खड़गवां के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जमुना पांडे, जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, खड़गवां मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, भारतीय किसान मोर्चा एमसीबी के जिलाध्यक्ष राम प्रताप गुप्ता, परमानंद जायसवाल सहित पीएमजीएसवाई के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के भूमिपूजन और आठ पुलों के निर्माण की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में बेहतर आवागमन सुविधा की उम्मीद जगी है। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क संपर्क मजबूत होने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0