LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
11 Sep 2026
ब्रेकिंग

शत-प्रतिशत बोर्ड परिणाम के लक्ष्य पर सख्त निर्देश, प्राचार्यों की तय होगी जवाबदेही,

शत-प्रतिशत बोर्ड परिणाम के लक्ष्य पर सख्त निर्देश, प्राचार्यों की तय होगी जवाबदेही,
शत-प्रतिशत बोर्ड परिणाम के लक्ष्य पर सख्त निर्देश, प्राचार्यों की तय होगी जवाबदेही,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

डीईओ रविकांत यादव और एसडीएम शशि शेखर मिश्रा ने चार घंटे तक की मैराथन समीक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर,

मनेंद्रगढ़। विकासखंड भरतपुर में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को बेहतर बनाने को लेकर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 में शत-प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम हासिल करने के लक्ष्य को लेकर प्राचार्यों और शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सच्चिदानंद साहू के नेतृत्व में आयोजित मेगा समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एमसीबी रविकांत यादव एवं एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा ने सभी संकुल प्राचार्यों, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा संकुल शैक्षिक समन्वयकों के साथ करीब चार घंटे तक मैराथन समीक्षा की।

बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष फोकस

बैठक में डीईओ रविकांत यादव ने आगामी त्रैमासिक परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित पाठ्यक्रम को समय-सीमा में पूरा करने, परीक्षाओं का सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने और मूल्यांकन में पूरी निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए।

कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन और उनके शैक्षणिक स्तर की लगातार निगरानी को उन्होंने प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए केवल परीक्षा के समय तैयारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे सत्र विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर लगातार नजर रखना जरूरी है।

शिक्षकों की उपस्थिति में लापरवाही पर सख्ती

डीईओ ने VSK ऐप पर शिक्षकों का शत-प्रतिशत पंजीयन, ऑनलाइन माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने और अवकाश आवेदन ऑनलाइन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन और नियमितता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने और शैक्षणिक दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले प्राचार्यों एवं शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए।

योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश

समीक्षा बैठक में माय भारत पोर्टल पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत पंजीयन, यू-डाइस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं की एंट्री, छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति और अन्य विभागीय योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

डीईओ ने कहा कि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन महज कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही अपार आईडी निर्माण, अनिवार्य MBU अपडेटेशन, प्रशस्त ऐप पर पंजीयन, स्वच्छ हरित विद्यालय में पंजीयन और पीएम ई-विद्या डिजिटल कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में किचन गार्डन स्थापित करने सहित अन्य विभागीय गतिविधियों को भी समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

प्राचार्यों को वन-टू-वन जवाबदेही

डीईओ रविकांत यादव ने लंबित कार्यों की प्राचार्यों से वन-टू-वन जानकारी लेते हुए उन्हें तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर को सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

सभी आवश्यक जानकारी निर्धारित समय-सीमा में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए।

कक्षा में जाने से पहले विषय की तैयारी जरूरी

एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा ने प्राचार्यों एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों को अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्धता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण अध्यापन पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विषय शिक्षकों को कक्षा में जाने से पहले विषय की पूरी तैयारी करनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी शैक्षिक कैलेंडर के अनुरूप विद्यालयों में सभी शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

चार घंटे चली मैराथन बैठक

करीब चार घंटे चली इस मेगा समीक्षा बैठक में जिला सांख्यिकी अधिकारी अनिरुद्ध शुक्ला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सच्चिदानंद साहू, विकासखंड स्रोत समन्वयक देवेंद्र गुप्ता सहित विकासखंड भरतपुर के सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा सभी संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0