स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की समीक्षा, शत-प्रतिशत उपलब्धि के दिए निर्देश
नदीम खान, सूरजपुर
सूरजपुर। जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने विकासखंड ओड़गी के बिहारपुर सेक्टर अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर महुली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं का बेहतर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
बिहारपुर क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की समीक्षा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
सीएचसी ओड़गी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यवार समीक्षा
इसके बाद सायंकाल सीएमएचओ डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं कक्षों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यवार समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने कार्यक्रम प्रभारियों, सलाहकारों एवं सुपरवाइजरों से निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बंटी बैरागी, प्रभारी अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा।




पाठकों की टिप्पणियां 0