29 अगस्त को रायपुर में होगा भव्य राज्य खेल अलंकरण समारोह, 82 खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों और निर्णायकों को मिलेगा अलंकरण; 5 टीमों के 43 सदस्यों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी
रायपुर, 28 अगस्त 2026। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के खेल जगत की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 29 अगस्त को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 29 अगस्त को शाम 4 बजे से राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया जा रहा है।
तीन वर्षों की उपलब्धियों का होगा सम्मान
समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों और निर्णायकों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस दौरान शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा उत्कृष्ट टीमों और उनके खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।
अरुण साव करेंगे समारोह की अध्यक्षता
राज्य खेल अलंकरण समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। वहीं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
जनप्रतिनिधियों की भी रहेगी मौजूदगी
समारोह में राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के सभी विधायक, महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की पहल
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन का महत्वपूर्ण अवसर होगा। राज्य सरकार का उद्देश्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पहचान देने के साथ प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।




पाठकों की टिप्पणियां 0