LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
19 Aug 2026
ब्रेकिंग

रायपुर : नशे के खिलाफ युवाओं ने लिया संकल्प, महाविद्यालय में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

रायपुर : नशे के खिलाफ युवाओं ने लिया संकल्प, महाविद्यालय में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
रायपुर : नशे के खिलाफ युवाओं ने लिया संकल्प, महाविद्यालय में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ। फोटो: आज का दिन न्यूज़

नशामुक्त युवा-सशक्त भारत के संदेश के साथ किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम

रायपुर, 19 अगस्त 2026

युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में नशामुक्ति अभियान के तहत नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। 

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोफिया अमरेला ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं एनसीसी कैडेट्स को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से स्वयं को दूर रखने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएंगे, तो समाज को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्ति के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर हुई चर्चा

कार्यक्रम की संयोजक कैप्टन डॉ. शारदा घोघरे ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने साथियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकता है।

युवाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम का आयोजन 28 सीजी बटालियन एनसीसी, रायगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया के मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोफिया अमरेला के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा उन्हें नशे से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं कैडेट्स ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से “नशा छोड़ें-जीवन जोड़ें” और “नशामुक्त युवा-सशक्त भारत” का प्रभावी संदेश दिया गया।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Advertisement
15-augstslides11
15-augstslides10
15-augstslides9
15-augstslides8
15-augstslides7
15-augstslides6
15-augstslides5
15-augstslides1
15-augstslides
Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0