LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
04 Oct 2026
ब्रेकिंग

रायपुर : ’जीपीएम में सेवा सेतु बना जनता और शासन के बीच समाधान का सेतु, 207 में से 197 आवेदनों का मौके पर निराकरण’

रायपुर : ’जीपीएम में सेवा सेतु बना जनता और शासन के बीच समाधान का सेतु, 207 में से 197 आवेदनों का मौके पर निराकरण’
रायपुर : ’जीपीएम में सेवा सेतु बना जनता और शासन के बीच समाधान का सेतु, 207 में से 197 आवेदनों का मौके पर निराकरण’। फोटो: आज का दिन न्यूज़

’पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से किया लाभान्वित, स्वच्छता दीदियों का हुआ सम्मान’

रायपुर, 04 अक्टूबर 2026

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाने की पहल प्रभावी साबित हो रही है। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद पेंड्रा के संयुक्त तत्वावधान में पेंड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त कुल 207 आवेदनों में से 197 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान मिलने से नागरिकों को त्वरित राहत मिली।

    शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों-कर्मचारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की। शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि प्राप्त 207 आवेदनों में से लगभग 95 प्रतिशत यानी 197 आवेदनों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष आवेदनों पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

    शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई भी की गई। विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। इससे समय और श्रम की बचत के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित हुआ।

    सेवा सेतु अभियान शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।

    शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    सेवा सेतु शिविर ने एक ही छत के नीचे शासन की विभिन्न सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाकर जनसमस्या निवारण की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया। बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर निराकरण इस पहल की प्रभावशीलता को दर्शाता है। शिविर के माध्यम से प्रशासन ने त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता को भी साकार किया।

    इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान, उपाध्यक्ष श्री शरद गुप्ता, एसडीएम श्री विक्रांत अंचल, तहसीलदार श्री शेषनारायण जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अमलदीप मिंज, उप अभियंता श्री सुरेंद्र श्रीवास,  जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0