रायपुर : मंगलतराई समाधान शिविर बना ग्रामीणों के लिए सौगातों का उत्सव
सुशासन तिहार में 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण हुए लाभान्वित, 105 आवेदनों का मौके पर निराकरण
रायपुर, 13 मई 2026
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बालोद जिले के डौण्डी विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम मंगलतराई में आयोजित समाधान शिविर ग्रामीणों एवं हितग्राहियों के लिए सौगातों से भरा रहा। शिविर में मंगलतराई सहित आसपास की 12 ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
हाई स्कूल मैदान मंगलतराई में आयोजित शिविर में अतिथियों द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, श्रवण यंत्र, बैटरी स्प्रेयर, वृद्धा पेंशन स्वीकृति आदेश तथा मत्स्य पालन सामग्री सहित विभिन्न हितलाभों का वितरण किया गया। वहीं दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए। शिविर के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान कर गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई। जनपद अध्यक्ष श्री मुकेश कौड़ो ने ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई।
शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 205 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 105 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सुशासन तिहार को शासन और जनता के बीच संवाद एवं समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।
Aaj ka din