रायपुर : किसान हित में बड़ा कदम: अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण से 876 किसानों को मिलेगी निर्बाध बिजली
रायपुर, 13 मई 2026
प्रदेश सरकार शासन किसानों की सुविधा, उनकी आय में वृद्धि और खेती को अधिक सुरक्षित एवं लाभकारी बनाने के लिए लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। खरीफ फसल के दौरान सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे प्राथमिकता में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। सरकार का प्रयास है कि बिजली खेती में बाधा नहीं, बल्कि किसानों की मजबूती का आधार बने।
आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन दुर्ग और विद्युत विभाग ने किसानों की सुविधा एवं सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कन्हारपुरी में 3.15 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक उर्जीकृत किया गया है। यह निर्णय क्षेत्र के किसानों के लिए राहतभरी सौगात माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा किए गए इस सुदृढ़ीकरण कार्य से धमधा वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम कन्हारपुरी, जातघर्रा, परसबोड़, खपरी, धरमपुरा, बिरझापुर और बसनी के लगभग 876 कृषि उपभोक्ताओं को अब बेहतर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। कृषि पंपों के लिए अलग ट्रांसफार्मर की व्यवस्था किए जाने से ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे सिंचाई व्यवस्था अधिक सुचारू होगी और समय पर पानी मिलने से फसल नुकसान की आशंका भी कम होगी। किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके, इसके लिए विभाग द्वारा हर संभव तकनीकी कवायद की जा रही है ताकि जल का बेहतर उपयोग हो और खेती प्रभावित न हो। पूर्व में उपकेंद्र में 3.15 एमवीए एवं 05 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित थे। अब अतिरिक्त ट्रांसफार्मर जुड़ने से उपकेंद्र की कुल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे आने वाले समय में बिजली आपूर्ति और अधिक मजबूत एवं स्थिर होगी। यह पहल न केवल किसानों को तत्काल राहत देगी, बल्कि उनकी उत्पादन क्षमता और आय बढ़ाने का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, यह विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। प्रशासन और विद्युत विभाग की यह किसान हितैषी पहल ग्रामीण क्षेत्रों में खेती को मजबूती देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
Aaj ka din