जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन 14 मई को मनेंद्रगढ़ में, श्रमिकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य जांच और चेक वितरण,
मनेंद्रगढ़ । श्रम विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मंडल अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन 14 मई 2026, गुरुवार को किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण आयोजन प्रातः 11 बजे से गोड़वाना समाज भवन, आरटीओ कैंप डोमनापारा, मनेंद्रगढ़ में संपन्न होगा।
इस श्रमिक सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को शासन की विभिन्न हितकारी योजनाओं से जोड़ना, पंजीकृत एवं अपंजीकृत श्रमिकों को आवश्यक जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाना है। कार्यक्रम के दौरान श्रमिक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत सहायता राशि के चेक वितरित किए जाएंगे, जिससे पात्र श्रमिकों को आर्थिक संबल मिल सके। सम्मेलन में श्रमिक बंधुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जहां श्रमिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं, पंजीयन प्रक्रिया, मातृत्व सहायता, शिक्षा सहायता, औजार सहायता, दुर्घटना सहायता सहित विभिन्न कल्याणकारी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिकाधिक श्रमिक इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले श्रमिक बंधुओं के लिए भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रमिक सम्मानपूर्वक सम्मेलन में सहभागिता कर सकें। श्रम विभाग द्वारा समस्त निर्माण श्रमिकों, असंगठित श्रमिकों एवं श्रमिक परिवारों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपने अधिकारों एवं सुविधाओं का लाभ उठाएं।
यह सम्मेलन श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Aaj ka din