ग्रामसभा में परीक्षण के बाद जारी हुई सूची, 10 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका,
मनेंद्रगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस-2024 में सर्वेक्षित परिवारों की पात्रता का ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्रामसभाओं के माध्यम से परीक्षण किया गया। ग्रामसभा से अनुमोदन के बाद जनपद पंचायतों के माध्यम से पात्र एवं अपात्र परिवारों की सूची जिला प्रशासन को प्राप्त हुई है।
जिले के मनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां जनपद पंचायत क्षेत्रों में कुल 30,469 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया था। इनमें से 28,421 परिवार पात्र और 2,048 परिवार अपात्र पाए गए हैं।
जनपदवार स्थिति के अनुसार मनेन्द्रगढ़ में 9,221 सर्वेक्षित परिवारों में से 8,522 पात्र और 699 अपात्र, भरतपुर में 13,034 में से 12,392 पात्र और 642 अपात्र, जबकि खड़गवां में 8,214 परिवारों में से 7,507 पात्र और 707 अपात्र पाए गए हैं।
10 सितंबर तक दावा-आपत्ति का अवसर
जिला प्रशासन ने पात्र एवं अपात्र परिवारों की सूची सार्वजनिक कर दी है। सूची में नाम या पात्रता को लेकर किसी परिवार को आपत्ति है तो वह 10 सितंबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान लिखित दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
ग्राम पंचायत और सूचना पटल पर उपलब्ध सूची
पात्र एवं अपात्र परिवारों की सूची संबंधित ग्राम पंचायतों के साथ-साथ जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां के सूचना पटल पर उपलब्ध है। इसके अलावा सूची जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है।
"जिला प्रशासन, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की आधिकारिक वेबसाइट" (https://reference-url-citation.invalid/0)https://reference-url-citation.invalid/0)
जिला प्रशासन ने संबंधित परिवारों से अपील की है कि वे सूची का अवलोकन कर लें और यदि किसी प्रकार की आपत्ति हो तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय में लिखित रूप से दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।




पाठकों की टिप्पणियां 0