LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
09 Oct 2026
ब्रेकिंग

किताबी ज्ञान से बैंकिंग की हकीकत तक पहुंचे विद्यार्थी, अर्थशास्त्र क्लब के तहत कक्षा 12वीं के छात्रों ने किया बैंक का शैक्षणिक भ्रमण

किताबी ज्ञान से बैंकिंग की हकीकत तक पहुंचे विद्यार्थी, अर्थशास्त्र क्लब के तहत कक्षा 12वीं के छात्रों ने किया बैंक का शैक्षणिक भ्रमण
किताबी ज्ञान से बैंकिंग की हकीकत तक पहुंचे विद्यार्थी, अर्थशास्त्र क्लब के तहत कक्षा 12वीं के छात्रों ने किया बैंक का शैक्षणिक भ्रमण। फोटो: आज का दिन न्यूज़

डोमनहिल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सोनवानी-डोमनहिल में सीखी बैंकिंग की बारीकियां, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय साक्षरता की मिली जानकारी

डोमनहिल। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डोमनहिल के अर्थशास्त्र क्लब के अंतर्गत कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सोनवानी-डोमनहिल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बैंक की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और मुद्रा एवं बैंकिंग विषय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

यह शैक्षणिक गतिविधि विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन के निर्देशानुसार तथा अर्थशास्त्र क्लब के प्रभारी एवं विषय व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित की गई।

बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय साक्षरता की मिली जानकारी

भ्रमण का मुख्य उद्देश्य कक्षा 12वीं की अर्थशास्त्र विषय की ‘मुद्रा एवं बैंकिंग’ इकाई के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था। विद्यार्थियों ने बैंकिंग व्यवस्था, मुद्रा के लेन-देन, बचत खाते, चालू खाते, ऋण सुविधा, डिजिटल बैंकिंग, एटीएम, चेक और ऑनलाइन भुगतान जैसी विभिन्न बैंकिंग सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही ईएमआई, केवाईसी, एसएलआर और सीआरआर जैसी महत्वपूर्ण बैंकिंग अवधारणाओं को भी समझा।

इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बैंक की दैनिक कार्यप्रणाली, ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं, बैंक में जमा राशि के उपयोग, ऋण वितरण की प्रक्रिया तथा देश की अर्थव्यवस्था में बैंकों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।

बैंक अधिकारियों से विद्यार्थियों ने पूछे सवाल

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बैंक मैनेजर सुभाष कुमार, सहायक बैंक मैनेजर आकाश पुरूस्ती, मुख्य कैशियर अशोक गुगुलोथ तथा कार्यालय सहायक मुनीश कुमार से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने बैंकिंग सेवाओं से संबंधित सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

बैंक मैनेजर सुभाष कुमार ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, नियमित बचत की आदत, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन तथा बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में बैंकिंग संबंधी जानकारी की उपयोगिता से भी अवगत कराया।

सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने की पहल

इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों में पढ़ाए जाने वाले सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिला। साथ ही उनमें वित्तीय अनुशासन, बचत, निवेश और बैंकिंग प्रणाली के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।

विषय व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी ने बताया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए बैंक मैनेजर सुभाष कुमार से अनुरोध किया गया था, जिस पर उन्होंने सहर्ष अनुमति प्रदान की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। बैंक अधिकारियों से प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त कर विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ नए अनुभव हासिल किए और बैंकिंग व्यवस्था को बेहतर ढंग से समझा।

बैंक प्रबंधन ने विद्यार्थियों के लिए की स्वल्पाहार की व्यवस्था

बैंक प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई, जिसे बच्चों ने ग्रहण किया। अर्थशास्त्र क्लब एवं विद्यालय परिवार ने बैंक मैनेजर सुभाष कुमार सहित समस्त बैंक स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने कहा कि बैंक अधिकारियों के सहयोग और मार्गदर्शन से यह शैक्षणिक पहल सफल एवं सार्थक रही।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0