रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया छत्तीसगढ़ दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे केवल ‘राजनीतिक नौटंकी’ और दिखावा करार दिया है। कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी की यह यात्रा कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी पर पर्दा डालने का एक असफल प्रयास मात्र थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशिक्षण शिविर के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम में न तो प्रदेश की जनता की समस्याओं पर कोई गंभीर चर्चा हुई और न ही कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर कोई ठोस दृष्टि प्रस्तुत की।
केदार कश्यप ने राहुल गांधी के दौरे को ‘मैगी राजनीति’ की संज्ञा देते हुए कहा कि कांग्रेस अब केवल फोटो-ऑप और प्रतीकात्मक गतिविधियों तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने कटाक्ष किया कि यदि किसी दल को अपने ही कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का पाठ पढ़ाना पड़े, तो यह उस दल के भीतर नेतृत्व संकट और गुटबाजी का सबसे बड़ा प्रमाण है। मंत्री ने सवाल उठाया कि इस दौरे से प्रदेश को क्या मिला? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने न तो किसानों की आय बढ़ाने, न ही युवाओं के रोजगार और न ही आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर कोई ठोस बात की।
केदार कश्यप ने कांग्रेस को उनके पिछले शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता शराब, कोयला, भर्ती घोटालों और महादेव एप प्रकरण जैसे भ्रष्टाचारों को भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसका मुकाबला करने में कांग्रेस पूरी तरह विफल है। अंत में, कश्यप ने इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एक ‘राजनीतिक पिकनिक’ बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के इस पाखंड और दिखावटी राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है और अब वह विकास व सुशासन के साथ खड़ी है।




पाठकों की टिप्पणियां 0