LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
17 Jun 2026
ब्रेकिंग

जिला स्तरीय समर कैंप मनेंद्रगढ़: बच्चों की प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन

जिला स्तरीय समर कैंप मनेंद्रगढ़: बच्चों की प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन
जिला स्तरीय समर कैंप मनेंद्रगढ़: बच्चों की प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन। फोटो: आज का दिन न्यूज़

हस्तशिल्प, कला, योग, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, अधिकारियों ने की मुक्तकंठ से सराहना

मनेंद्रगढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट महाविद्यालय, मनेंद्रगढ़ में जिला स्तरीय समर कैंप का भव्य आयोजन किया गया। दस दिनों तक चले इस कैंप में जिले के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हस्तशिल्प, शिल्पकला, योग, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी आर. पी. मीरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पाण्डेय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेंद्रगढ़ के प्राचार्य संजीव कुमार और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य आर. के. शर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, चंदन वंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौड़ीडीह की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड के बच्चों ने राज्य गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला खैरबना की छात्रा की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समर कैंप के दौरान तैयार की गई योग प्रस्तुतियों ने खासा आकर्षण का केंद्र रहा। पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड के बच्चों ने उत्कृष्ट योग प्रदर्शन किया।

हारमोनियम पर राष्ट्रगान का वादन पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड के छात्र द्वारा तथा राष्ट्रगीत का वादन पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौड़ीडीह के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया।

समर कैंप का सबसे बड़ा आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई हस्तशिल्प सामग्री, शिल्प मूर्तियाँ, कलात्मक मॉडल्स और क्राफ्ट आइटम्स की प्रदर्शनी रही। जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मीरे समेत अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों की सृजनात्मकता, कल्पनाशीलता तथा कलात्मक कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की।

जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मीरे ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर असीम संभावनाएं छिपी होती हैं। समर कैंप जैसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पाण्डेय ने शिक्षकों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाते हैं।

जिला नोडल अधिकारी पारसमणी ने समर कैंप में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए और कहा कि बच्चों की रचनात्मक ऊर्जा ही भविष्य के सशक्त समाज की नींव है।

कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती ज्योति माला सिन्हा द्वारा किया गया, जबकि आभार ज्ञापन राजू अहीर ने किया।

प्रधान पाठिका श्रीमती मरियम बड़ा और श्रीमती निर्मला पाण्डेय ने पीएमश्री विद्यालयों की उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी दी।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin
रिपोर्टर / लेखक

Admin

न्यूज़ डेस्क
39 लेख

Admin ने अब तक 39 खबरें प्रकाशित की हैं। पूरी खबरें देखने के लिए प्रोफाइल खोलें।

पाठकों की टिप्पणियां 0