LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
25 Aug 2026
ब्रेकिंग

स्वतंत्रता दिवस 2026: राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां शुरू, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

स्वतंत्रता दिवस 2026: राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां शुरू, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
स्वतंत्रता दिवस 2026: राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां शुरू, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां। फोटो: आज का दिन न्यूज़

रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे होगा मुख्य समारोह, 7 से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में होगा 'वंदे मातरम्' का गायन।

रायपुर, 10 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में 79वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में समारोह की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह में आकर्षक परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां होंगी।

परेड की तैयारी और रिहर्सल की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुलिस उप महानिरीक्षक को सौंपी गई है, जो पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। वहीं यातायात, पार्किंग, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक रायपुर निभाएंगे।

कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था का दायित्व नगर पालिक निगम रायपुर को दिया गया है। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से करेंगे, जबकि रिहर्सल सहित अन्य व्यवस्थाएं कलेक्टर रायपुर के नेतृत्व में की जाएंगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग शीघ्र ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित और राष्ट्रभक्ति की भावना के अनुरूप आयोजित किया जाए। जिला एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Advertisement
15-augstslides11
15-augstslides10
15-augstslides9
15-augstslides8
15-augstslides7
15-augstslides6
15-augstslides5
15-augstslides1
15-augstslides
Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0